अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक और नादान के इंद्रपाल चौक पर आज प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह का लाइव टेलीकास्ट दिखाया गया। यहां शपथ ग्रहण समारोह के सीध प्रसारण को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। वहीं लोगों में हमीरपुर जिला के नौदान क्षेत्र से सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर बेहद खुशी और उत्साह देखा गया।
10 साल के बाद एक बार फिर से हमीरपुर जिला को प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।हमीरपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में डीसी हमीरपुर देव श्वेता बनिक एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक पुरुषोत्तम कालिया ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि हमीरपुर जिला से फिर प्रदेश का मुख्यमंत्री चुना गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कांग्रेसी सरकार अपने हर वादे को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में प्रदेश नई बुलंदियों की तरफ अग्रसर होगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के प्रधान सुरेश पटियाल ने बताया कि हमीरपुर जिला के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पद को हमीरपुर जिला के लोग खोना जानते हैं तो उसे पाना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि जनता से किया हर वादा कांग्रेस पूरा करेगी। वहीं पंचायत समिति हमीरपुर के उपाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि एक चालक का बेटा मुख्यमंत्री बना है। यह हिमाचल के लिए गौरव का विषय है। हमीरपुर जिला में लोगों में इतनी खुशी है कि उसे बयां नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 5000 से अधिक लोग हमीरपुर जिला से शिमला गए हैं।
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर 5 से पूर्व पार्षद राजू चौधरी ने कहा कि पिछली सरकार में हमीरपुर जिला में विकास थम गया था, लेकिन अब हमीरपुर जिला से ताल्लुक रखने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद हमीरपुर के साथ ही प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमीरपुर शहर के विकास को सुनिश्चित करने के लिए वह मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करेंगे।
