सोलन : योगेश शर्मा (TSN)- हिमाचल प्रदेश के लोकनिर्माण एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह शुक्रवार को एक दिवसीय सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहे,जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सबसे पहले कण्डाघाट उपमण्डल के ध्यारीघाट से बीशा तक सड़क की आधाशिला रखी,यह सड़क करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपयों से बनकर तैयार होगी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कण्डाघाट खेल मैदान और 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल कंडाघाट का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में आपदा के दौर अब थम चुका है दुबारा से विकास कार्य मे तेजी लाना शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों के कार्य पूरे प्रदेश के अंदर पूरी मजबूती के साथ करवाए जा रहे हैं चाहे वह हमारे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जो तीसरा चरण है उसके हो,नाबार्ड के हो चाहे फिर स्टेट बजट की सड़क हैं या और हेड्स की सड़क हैं उनका कार्य लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों मे करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंडाघाट क्षेत्र के ध्यारीघाट से बिशा गांव तक सड़क की एक लंबी मांग थी, इसका कार्य काफी लंबे समय से रेलवे विभाग की परमिशन न मिलने से अटका पड़ा था,ऐसे में अब उसके ऊपर एक रेलवे ओवर ब्रिज बनना था उसके लिए क्लीरियन्स नहीं मिल पा रही थी तो अब वह मिल गई है और इस पर औपचारिकता आज पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यहां पर करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपयों की लागत से 1500 मीटर सड़क का निर्माण होगा,जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। खेल मंत्री उसके बाद स्वास्थ्य मंत्री के साथ कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत दंघील के गांव जखीड़ में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी ज्योति ठाकुर के लिए आयोजित बधाई समारोह में भी उपस्थित हुए । उन्होंने कहा कि बतौर मंत्री उन्होंने गोल्ड मेडल लाने वाली 5 हिमाचल की खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए देने की बात कही है, जिसके लिए सरकार कार्य कर रही है।
