सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आंकड़ों पर अगर नजर डाली जाए तो अब तक जिला में डेंगू के 1343 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं जिला के परवाणु में बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमित रंजन ने बताया कि जिला में डेंगू का पहला मामला 31 जुलाई 2022 को सामने आया था। मामले आने के बाद लगातार स्वास्थ्य विभाग विभिन्न टीमें बनाकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
उन्होंने बताया कि अभी तक डेंगू बीमारी की न दवाई बनी है और ना कोई वैक्सीन, इसीलिए लोगों को इस बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जहां भी पानी के सोर्स है वहां साफ सफाई रखी जाए। डॉ. अमित रंजन ने बताया कि जहां पर भी पानी काफी समय से अधिक स्टोर किया हुआ मिलता है वहां पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं जिन जगहों पर पानी में लारवा पाया जा रहा है वहां पर लोगों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। जो लोग फिर भी नहीं मानते है तो इस बारे में एफआईआर दर्ज करने की भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू के मामलों पर रोक लगाने के लिए लोग पानी में मक्खी मच्छर ना पनपने दें।
