राहुल चावला,धर्मशाला: कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला के कुछ क्षेत्रों में डायरिया के मामले सामने आने से हड़कंप मचा हुआ हैं। डायरिया के मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को भी इन क्षेत्रों से डायरिया के 24 नए मामले सामने आए हैं जिससे अब तक कुल 74 लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि इनमें से 34 एक्टिव मामले हैं जिनका उपचार चल रहा हैं।
डायरिया के सामने आ रहे मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके लोगों को डायरिया से बचाव के बारे में जागरूक करने का काम भी शुरू कर दिया हैं। डायरिया के मामले सामने आने के बाद दो रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है जो कि घर-घर जाकर लोगों को दस्त रोग से कैसे बचा जा सकता है इसके बारे में जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं। लोगों को दवाइयां, ओआरएस ओर जिंक की गोलियां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेकटा कहा कि आने वाले कुछ दिनों तक यह गांव अंडर सर्विलेंस ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। एसडीएम स्थिति बेकटा ने कहा कि प्रशासन की ओर से जल शक्ति विभाग को पानी के स्रोतों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से किए गए दौरे में यह बात सामने आई है कि लोगों के घरों में पीने के पानी की टंकियां भी साफ नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए और जल्द अपने घरों की टंकियां को भी साफ करना चाहिए, ताकि स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील भी की हैं।
