मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिला के जोगिंदरनगर में केंद्रीय आयुष विभाग के सुगमता केंद्र को सोलन शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों, व्यापार मंडल, पूर्व सैनिकों, पेंशनरों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर शहर में विरोध रैली निकाली। रामलीला मैदान से शुरू हुई यह रैली पुलिस थाना चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय आयुष विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सुगमता केंद्र को जोगिंदरनगर में ही रखने की मांग उठाई।
रैली में भाजपा नेत्री मेघना ठाकुर, माकपा नेता एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज, जिला परिषद सदस्य शिवानी ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं रोटेरियन अजय ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी गुरुशरण परमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य ममता भाटिया और पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल रूप सिंह समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह केंद्र पिछले करीब नौ वर्षों से जोगिंदरनगर में सेवाएं दे रहा है। ऐसे में इसे सोलन स्थानांतरित किए जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार कर केंद्र को जोगिंदरनगर में ही संचालित रखने की मांग की।वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्रवासियों की मांग को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हजारों लोगों को लामबंद कर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि सुगमता केंद्र को जोगिंदरनगर से बाहर ले जाने का फैसला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

