शिमला, संजू-: सर्दियों के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मानवी संस्था ने सराहनीय पहल की है। संस्था की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ाश, खुफ़टधार के 50 विद्यार्थियों को गर्म स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश चंद शर्मा ने विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मानवी संस्था से गर्म स्वेटर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया था। संस्था ने बच्चों की जरूरत को समझते हुए सभी 50 विद्यार्थियों के लिए स्वेटर उपलब्ध करवाए। इस दौरान बच्चों को मिठाइयां भी वितरित की गईं।
संस्था की सदस्य डॉ. किमी सूद ने कहा कि सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सही समय पर सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में बच्चों को ठंड से बचाने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने में सुविधा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि समाज में किया गया छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।इस सेवा कार्य में कुसुम, मंजू सूद, डॉ. किमी सूद, रानी कुकरेजा, मधु सूद और बीरमा चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई। संस्था ने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों और अन्य लोगों की सहायता के लिए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां जारी रहेंगी।

