नूरपुर, संजीव -:इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने पराल से भोगरवां मार्ग पर दो पुलों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 64 मीटर स्पैन वाले पुल (लगभग 2.50 करोड़ रुपये) और 30 मीटर स्पैन वाले पुल (करीब 2 करोड़ रुपये) की आधारशिला रखी।
विधायक ने कहा कि हाल की बाढ़ से कई सड़कें और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में इन पुलों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके।उन्होंने जानकारी दी कि त्यौड़ा पत्तन पुल और ठाकुरद्वारा-मलकाना पुल को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।विधायक ने बताया कि मंड-बरोटा सड़क का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक की सड़क को दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे लोगों की आवाजाही फिर से सुचारु हो गई है।उन्होंने यह भी कहा कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा।
विधायक ने प्रदेश सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच सके।इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
