शिमला/कमल भारद्वाज: हिमाचल के जिलों में स्थित क्षेत्रीय अस्पतालों में भी अब लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू होगी। इसके लिए आईजीएमसी प्रशासन की ओर से लगभग 200 डॉक्टरों को ट्रेनिंग दी गई है। ऐसे में अब उन मरीजों को इसका फायदा होगा, जो चीरफाड़ के बजाए लेप्रोस्कोपी यानि दूरबीन से ऑपरेशन करवाना चाहते हैं। सरकारी अस्पतालों की बात करें तो हिमाचल में कुछ क्षेत्रीय अस्पतालों को छोड़कर बाकी में लेप्रोस्कोपी सर्जरी नहीं होती है। यहां से मरीजाें को आईजीएमसी रेफर किया जाता है।
आईजीएमसी सर्जरी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. एसएस जोबटा ने कहा कि हम प्रदेश के हर अस्पताल में लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू करने जा रहे हैं। इसके लिए हमने डॉक्टरों को ट्रेनिंग दी है। जल्द ही क्षेत्रीय अस्पतालों में ये सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएगी। उनका कहना है कि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसलिए ये फैसला लिया गया है।
