अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर जिला मुख्यालय के साथ लगते जसकोट क्षेत्र में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए प्रस्तावित क्षेत्र का मंगलवार को पवनहंस कंपनी की टीम ने निरीक्षण किया और क्षेत्र से संबंधित विभिन्न जानकारियां व भूमि की उपलब्धता के बारे में विस्तृत रिपोर्ट भी प्राप्त की। इस मौके पर उनके साथ टूरिज्म विभाग के जिला अधिकारी रवि धीमान व उनकी टीम भी मौजूद रही ।
हमीरपुर जिला के ज़ोलसप्पड़ पंचायत के जसकोट क्षेत्र में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए 32 कनाल भूमि का चयन प्रदेश सरकार की ओर से गया हैं जिसकी आधारभूत संरचना व व्यवहारिकता को लेकर पवन हंस कंपनी के उप महाप्रबंधक सिविल की टीम ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया । इस दौरान टीम ने हेलीपोर्ट के संबंध में प्रस्तावित प्राथमिक रिपोर्ट को तैयार किया और इसे विस्तृत रिपोर्ट के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा ।
पवन हंस कंपनी के उप महाप्रबंधक सिविल एस पी चौहान ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से हैलीपोर्ट निर्माण के लिए भूमि का चयन कर कंपनी को रिपोर्ट के लिए कहा गया था जिसके तहत आज प्राथमिक रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब कंपनी की ओर से हेलीपोर्ट निर्माण के लिए होने वाली विभिन्न औपचारिकताएं व साइट कंस्ट्रक्शन से संबंधित दस्तावेज तैयार किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग के जिला अधिकारी रवि धीमान ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हमीरपुर जिला मुख्यालय के साथ लगते जब कोर्ट में 32 कनाल भूमि का चयन हेलीपोर्ट के लिए किया गया हैं। उन्होंने बताया कि आज पवनहंस की टीम ने इसकी व्यवहारिकता को लेकर निरीक्षण किया और प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की है जिसे अब आगामी कार्यवाही के लिए आगे भेजा जाएगा ।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से अपने हमीरपुर जिला के प्रथम प्रवास के दौरान भी हेलीपोर्ट निर्माण के संबंध में विभिन्न साइट का दौरा कर इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए थे जिसके तहत अब विभाग की ओर से इस साइट को चयनित किया गया हैं।
