नाहन : देवेंद्र कुमार- गिरिपार क्षेत्र की 154 पंचायतों के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव भेजेंगे । दरअसल इस इलाके के यह लोग जनजातीय क्षेत्र घोषित होने की मांग पूरी होने से बेहद उत्साहित है,जिसके लिए वह प्रधानमंत्री का आभार जताना चाहते है। 26 जुलाई को राज्यसभा में गिरीपार जनजातीय मामले लेकर विधेयक पारित हुआ । जिसके बाद राष्ट्रपति ने भी इस विधेयक पर अपनी अंतिम मुहर लगाई और अब यह विधेयक कानून बन गया है।
केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ अमीचंद ने बताया कि 56 सालों पुरानी मांग देश प्रधानमंत्री ने पूरी की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी 154 पंचायतों में 13 अगस्त को हाटी खुमलीयां का आयोजन किया जाएगा और धन्यवाद प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाटी खुमली के दौरान सभी लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी और इस दौरान गिरिपार इलाके के संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि गिरीपार का इलाका साल 1967 से उत्तराखंड के जौनसार बावर की तर्ज पर इस इलाके को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने की मांग कर रहा था और आखिरकार दशकों बाद हाटी समुदाय की यह मांग को सिरे चढ़ी है।
