मंजूर पठान, चंबा: चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीसा नाला में चार करोड़ 56 लाख की लागत से बने डबल लेन पुल की सौगात यहां के बाशिंदों को मिल गई हैं। गुरुवार को पीडब्ल्यूडी और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने चंबा जिला के दौरे के दूसरे दिन इस डबल लेन पुल का लोकार्पण किया उसके बाद उन्होंने विधिवत तरीके से आम जनता को समर्पित किया।
इसके बाद मंत्री ने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह कॉलोनी मोड में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया। उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि चुराह विधानसभा क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा जिसकी उन्होंने घोषणा की हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जितना भी विकास पीडब्ल्यूडी और खेल मंत्रालय के माध्यम से होना हैं उसके लिए कोई कमी रहने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 1 महीने के बाद पीडब्ल्यूडी मंडल तीसा को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 50 करोड़ की राशि दी जाएगी ताकि यहां सड़कों को बेहतर बनाने का कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों ने अन्य नई सड़कों की मांग की है जिन्हें जल्द शुरू करवाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि तीसरा नाला में बने पुल का लोकार्पण किया हैं जिसका पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने शिलान्यास किया था और 5 साल में भाजपा ने कुछ नहीं किया जिसके चलते अब कांग्रेस सरकार ने इसको जनता को समर्पित किया हैं। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में एक इनडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ-साथ पीडब्ल्यूडी मंडल को 50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे ताकि सड़कों को बेहतर बनाया जा सके ।
