शिमला (भावना): हिमाचल में विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है। कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी जनता को गारंटी दे रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी की ओर हिमाचल के लोगों को दी जारी रही गारंटी पर विश्वास ना करने की सलाह पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों ने हिमाचल के लोगों को दी है। मंगलवार को पंजाब युवा कांग्रेस ने शिमला राजीव भवन पहुंच कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा ओर आप भाजपा की बी टीम करार दिया है।
पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों ने पत्रकार वार्ता कर कहा आज आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। आम आदमी पार्टी ने बड़े बड़े वादे कर पंजाब में अपनी सरकार तो बना दी, लेकिन पंजाब में जो हालात हो गए है, उससे अब आप के झूठ और फरेब का पर्दाफाश हो गया। शिक्षा के लिए दिल्ली मॉडल का प्रचार करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार में यह हाल है कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में बीते चार माह से बच्चों को किताबें नहीं मिल रहीं। पूर्व की पंजाब कांग्रेस सरकार के समय में शिक्षा के मामले में पंजाब देशभर में एनएएस सर्वे में अव्वल आया था।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार मोहल्ला क्लीनिक खोलने का बड़े जोरों से प्रचार कर रही हैं। इनकी हालत यह है कि इनमें ब्लड टेस्ट करने के लिए भी स्टाफ तक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में भगवंत मान सरकार बनी है तब से वहां कानून व्यवस्था खराब हो गई है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई। पंजाब पुलिस ने उनके एक भी कातिल को नहीं पकड़ा, दिल्ली पुलिस ही कातिलों को पकड़ पाई। पंजाब के आम आदमी पार्टी सरकार के स्पीकर की गाड़ी के आगे चल रहे ट्रक के ड्राइवर को बुरी तरह से पीटा गया। आप के दो एमएलए की शर्मिंदा करने वाली हरकतों की वीडियो वायरल हुईं। पंजाब आप सरकार ने दो माह में ही प्रचार करने पर 37 करोड़ रुपए फूंक डाले।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में पंजाब के पैसों से आम आदमी पार्टी प्रचार कर रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकारी हैलीकॉप्टर में आकर हिमाचल के लोगों को झूठी गारंटियां दे रहे। पंजाब सरकार इंटेलीजेंस का इस्तेमाल पत्रकारों की जासूसी कर रही है। भगवंत मान सरकार के खिलाफ लिखने वाले पत्रकारों पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं। भगवंत सरकार अब तक 9 पत्रकारों पर केस दर्ज कर चुकी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया, लेकिन भगवंत मान की सरकार बनने पर अब लोगों को आप की सरकार की हकीकत का पता चल गया है। बरिंदर सिंह ढिल्लों और अन्य पदाधिकारियों ने हिमाचल के लोगों से अपील की है कि वह आम आदमी पार्टी के धोखे में ना आएं ओर बीजेपी की इस बी टीम पर भरोसा कर अपना वोट खराब न करें।
