शिमला (भावना): शिमला के कैथू अनाडेल सड़क के साथ मंगलवार को एक पेड़ नीचे जा गिरा जिसके चलते सड़क भी धंस गई है। वहीं बिजली का ट्रांसफॉर्मर भी इसकी वजह से टूट कर गिर चुका है ओर पानी की पाइपलाइन टूटने से पानी के बहाव से सड़क भारी खतरे की जद में है। सीवरेज लाइन भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सड़क का आधा हिस्सा धंस गया है और आधे हिस्से में दरारें भी आ गई है। इस सड़क के ओर ज्यादा धंसने का खतरा बना हुआ है।
ऐसे में हालातों को देखते हुए नागरिक सभा ने नगर निगम से इस सड़क के मरम्मत कार्य जल्द करने की मांग की है। शिमला नागरिक सभा की कैथू इकाई ने नगर निगम शिमला व प्रदेश सरकार से कैथू अनाडेल सड़क पर स्थित चिटकारा पार्क में पेड़ गिरने से सड़क व बिजली ट्रांसफार्मर को हुए भारी नुकसान पर जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। नागरिक सभा के संयोजक विजेंद्र मेहरा ने कहा कि पेड़ गिरने से कैथू अनाडेल सड़क को बहुत नुक़सान हुआ है व जनता की सुरक्षा दांव पर लगी है। बिजली का ट्रांसफॉर्मर भी टूट कर गिर चुका है। पानी की पाइपलाइन टूटने से पानी के बहाव से सड़क भारी खतरे की जद में है। सीवरेज लाइन भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क पूरी तरह ज़र्ज़र हो चुकी है। इस सड़क में कई जगह दरारें आ चुकी है। भर्ती दफ्तर व चिटकारा पार्क पर दो जगह सड़क पूरी तरह गिर चुकी है। पेड़ के गिरने के बाद सड़क पर भारी जोखिम लेकर वाहनों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में उक्त स्थान पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है व जानमाल को भारी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा चिटकारा पार्क में सड़क में कई मीटरों तक दरारें आ चुकी है। इस सड़क का ज़्यादातर हिस्सा कभी भी गिर सकता है। उन्होंने कहा कि यह सड़क गिरने से कभी भी कैथू अनाडेल पैदल मार्ग व सड़क में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो सकती है जिस से जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नगर निगम से इस सड़क को जल्द ठीक करने की मांग की ओर साथ ही चेताया है कि इस सड़क का मरम्म्त कार्य नहीं किया जाता है तो नागरिक सभा उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
