सोलन / योगेश शर्मा- जिला सोलन के सुबाथू बाजार में वीरवार को एक रोष रैली हिमाचल प्रदेश केंट एसोसिएशन के बैनर तले सुबाथू के स्थानीय लोगों द्वारा निकाली गई । इसके साथ सभी व्यापारियों ने करीब 3 घंटे के लिए बाजार बंद करते हुए अपना विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा एक रैली भी निकाली गई जिसमें कैंट के लोगों ने जंजीरों से आजादी दो के नारे भी लगाए।
मीडिया से बातचीत में हिमाचल प्रदेश केंट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बताया कि 10 महीने पहले भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा छावनी के सिविल एरिया को अलग करने की घोषणा की थी। जिससे लोगों में कंटेनमेंट बोर्ड से आजादी की आस जगी थी, मगर उसी रक्षा मंत्रालय द्वारा अप्रैल में छावनी चुनावों की घोषणा करना आश्चर्यचकित करने वाला निर्णय है, जिसका वो विरोध करते है। उन्होंने प्रदेश के अन्य छावनी की जनता व नेताओं से भी चुनाव में हिस्सा न लेने की उन्होंने अपील की है । उन्होंने कहा है कि वह भी शांतिपूर्ण ढंग से रोष मार्च अपने-अपने क्षेत्र में करके अपना विरोध जिला दंडाधिकारी को करवाएं।
