शिमला : कमल भारद्वाज-भाजपा ने शिमला के शेर ए पंजाब पर त्रिपुरा और नागालैंड में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का जश्न मनाया । इस जश्न में भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर वातावरण को भाजपामय कर दिया और इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लड्डू वितरण का कार्यक्रम भी किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि त्रिपुरा और नागालैंड में भाजपा का बेहद अच्छा प्रदर्शन रहा है और इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को शुभकामनाएं।
चुनावों में ऐसे राज्य भी हैं जिसमें वामपंथियों का शासन उस राज्य में लंबे समय से था पर भाजपा ने उस पर विराम लगाया।
आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़ विकास पर ध्यान दें कांग्रेस
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार जल्द श्वेत पत्र लाने की बात कर रही है हम उसका स्वागत करते हैं और उस श्वेत पत्र पर हम खुली चर्चा करने को तैयार है। एक बार हम फिर स्पष्ट कर देते हैं कि जो आंकड़े कांग्रेस पार्टी ने नेतागण जनता के समक्ष पेश कर रहे हैं वह पूर्ण रूप से गलत है।
अगर सत्ता में रहते किसी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा ऋण लिया है तो वह कांग्रेस है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सरकार चलाते 3 महीने हो गए हैं और अभी तक हिमाचल प्रदेश में कोई भी नया कार्य नहीं हुआ है । मुख्यमंत्री को भाजपा के ऊपर आरोप लगाने के बजाय हिमाचल प्रदेश में कुछ नया करके दिखाना चाहिए। जब से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तबसे पूरे प्रदेश में विकास ठप है।
