नाहन : देवेंद्र कुमार -31 मई की रात नाहन गोविंदगढ़ मोहल्ला से चोरी हुई पिकअप को पुलिस ने 18 दिनों के भीतर बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। ये जानकारी डीएसपी हेडक्वार्टर मीनाक्षी शाह ने मीडिया से साझा की।
पुलिस ने गाड़ी के साथ-साथ नारायणगढ़ से गिरफ्तार किए आरोपी
रविवार को मीडिया को दिए बयान में डीएसपी हेडक्वार्टर मीनाक्षी शाह ने बताया कि 1 जून को अमरपुर मोहल्ला के रहने वाले शमशेर खान ने पिकअप चोरी का मामला पुलिस चौकी कच्चा टैंक में दर्ज करवाया था। जिसके बाद चौकी इंचार्ज के एएसआई अनिल कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने छानबीन शुरू कर दी। करीब 12 दिनों की मेहनत के बाद पुलिस ने पिकअप को हरियाणा से बरामद किया जबकि आरोपी पिता-पुत्र को 17 जून को देर रात नारायणगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान पाया गया कि 31 मई की रात हरियाणा नंबर की एक गाड़ी चोरी हुई पिकअप की अगुवाई कर रही थी। इस गाड़ी पर नकली नंबर लगा हुआ था। चोरों ने यह सब पिकअप को ले जाने में चोर रास्तों का ही इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि नाहन अन्य राज्यों की सीमा पर स्थित है और चोर चोरी करके अन्य राज्यों में प्रवेश कर जाते हैं इसकी वजह से छानबीन में मुश्किलें आती है परंतु इस मामले में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद 18 दिनों के भीतर चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पिकअप मालिक शमशेर खान ने बताया कि 31 मई की रात को उन्होंने अपनी पिकअप गोविंदगढ़ मोहल्ला में खड़ी की थी। 1 जून को जब वह पिकअप लेने पहुंचे तो मौके पर उन्हें पिकअप नहीं मिली, इसके बाद उन्होंने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया और पुलिस ने चंद दिनों के भीतर उनकी पिक अप ढूंढ कर उन्हें सौंप दी है। इसके लिए उन्होंने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया।उन्होंने बताया कि उनका आमदनी का जरिया ये पिकअप थी जिसके चोरी होने के बाद वह अपने आप को असहाय महसूस कर रहे थे।
