संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विकास के नाम पर बड़े-बड़े दावे तो किए जाते हैं लेकिन अक्सर इन दावों की पोल उस समय खुल जाती है जब लोगों को विकास के इन झूठे दावों का शिकार होना पड़ता हैं। विकास के इन्हीं दावों की पोल खोलता एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं। यह वीडियो जिला शिमला के जुब्बल के नढाल गांव का हैं जहां गांव के लोग एक गर्भवती महिला को कुर्सी पर बांध कर 3 किलोमीटर तक का पैदल सफर तय कर अस्पताल ले जा रहे हैं।
यह साफ तौर पर दिखाई दे रहा हैं कि गांव के कुछ लोग गर्भवती महिला को मुख्य सड़क पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह हालात कांग्रेस नेता और मंत्री रोहित ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र के गांव के हैं। एक और जहां मंत्री रोहित ठाकुर ठियोग हाटकोटी रोड के बारे में बात करते हैं,वहीं जुब्बल के साथ लगती हुई नढाल पंचायत में रोड़ की सुविधा तक लोगों को मुहैया नहीं हो पाई हैं।
इस गांव के लोग खुद को ठगा महसूस करते हैं। लोगों को मजबूरन अपना समान और सेब सीजन में सेब खच्चर पर ढोने को मजबूर होना पड़ रहा हैं। हालात यह हैं कि अगर कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे मजबूरन पीठ पर या घोड़े पर ले जाना पड़ता हैं। स्थानीय लोग कई बार वहां के विधायकों से मिले ही हैं और सड़क की समस्या उन्हें बताई हैं लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा।
स्थानीय लोगों ने दोनों पार्टियों पर आरोप लगाते हुए कहा हैं कि यहां रोड़ सुविधा देने में दोनों ही पार्टियां विफल रही हैं। पार्टियां चुनावी वादे तो बहुत करती हैं पर वह वादे चुनाव के बाद पूरे नहीं होते। स्थानीय लोग यहां विकास के नाम पर खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। लोग अब ये उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक और मंत्री रोहित ठाकुर उनकी इस समस्या को समझेंगे ओर उन्हें सड़क सुविधा मुहैया करवाएंगे।
