राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में लंबे समय से सर्दियों के मौसम में बारिश नहीं हो रही है और बारिश ना होने की वजह से कोहरे का प्रभाव यहां फलों और अन्य पौधों पर देखा जा रहा हैं। ऐसे में बागवान और किसान अपने पौधों को बचा सके और उनका संरक्षण कर सकें इसके लिए बागवानी विभाग पूरी तरह से सजग हैं। बागवान और किसानों को कोहरे से अपने पौधों को बचाने को लेकर विभाग की ओर से उन्हें जागरूक भी किया जा रहा हैं।
विभाग ने ब्लाक स्तर के अधिकारियों को बागवानों को जागरूक करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। बागवानी विभाग जिला कांगड़ा के उपनिदेशक डॉ. कमलशील नेगी ने बताया कि सर्दियों के मौसम में गर्म इलाकों में कोहरा पड़ना आम बात हैं। कोहरे के प्रभाव को फलों वाले पौधों पर कैसे कम किया जाए, इसको लेकर 15 दिन पहले ही दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। 15 ब्लाकों में कार्यरत बागवानी अधिकारियों को इस संबंध में बागवानों को जागरूक करने की बात कही गई हैं।
उन्होंने बताया कि बागवान अपने बगीचों में आम, लीची, अमरूद, पपीता फलों के 4 से 5 साल तक के पौधों सूखी घास या बोरी से ढक लें ओर साउथ ईस्ट की ओर से खुला रखें, जिससे सूरज की रोशनी आती रहे। वहीं नर्सरी में उगाए गए पौधों की थेचिंग कर लें, घास या बोरियां से ढक लें। बगीचों की सिंचाई करते रहें। यदि किसी रात एहसास हो जाए कि ज्यादा कोहरा पड़ने वाला है तो बगीचे में किसान पानी की स्प्रे भी कर सकते हैं।
