शिमला -:पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उत्कृष्ट टुटू में आयोजित शिमला-1 जोन की अंडर-19 छात्र खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के चौथे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों के करीब 386 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
शनिवार को कबड्डी, योग, शतरंज, वॉलीबॉल और खो-खो सहित कई खेलों के मुकाबले करवाए गए। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। कबड्डी, योग और शतरंज में छोटा शिमला स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, वॉलीबॉल और खो-खो में मेजबान टुटू स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
देर शाम टुटू स्कूल और भट्टाकुफर स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया,जिसमें टुटू की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लालपानी स्कूल का दबदबा देखने को मिला।वाद्य संगीत में लालपानी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि टुटू स्कूल प्रथम उपविजेता रहा। संस्कृत गीतिका में लालपानी प्रथम और ढली प्रथम उपविजेता रहा। सुभाषितानि में ढली ने प्रथम स्थान हासिल किया और लालपानी उपविजेता रहा।एकांकी नाटक और स्थानीय एकल शास्त्रीय गायन में भी लालपानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूहगान में लालपानी विजेता रहा, जबकि टुटू स्कूल प्रथम उपविजेता रहा। लोकनृत्य में भी लालपानी ने पहला स्थान प्राप्त किया और टुटू स्कूल को प्रथम उपविजेता का स्थान मिला।वाद-विवाद प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उत्कृष्ट टुटू ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और सांस्कृतिक प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर दिनभर खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा।

