मनी लाडला के जगराते के बाद बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
चिंतपूर्णी,विकास-:पावन शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धा और आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ इतनी अधिक रही कि डबल लाइन मुख्य मार्ग से होते हुए शेरे पंजाब होटल तक पहुंच गई। पिछले रविवार की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। माता रानी के जयकारों से पूरा चिंतपूर्णी क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
जगराते में रातभर झूमे श्रद्धालु
रविवार को बढ़ी भीड़ का प्रमुख कारण शनिवार रात चिंतपूर्णी में आयोजित भव्य जगराता माना जा रहा है। जगराते में प्रसिद्ध पंजाबी भजन गायक मनी लाडला ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। जगराता समाप्त होने के बाद सुबह होते ही लोगों ने माता के दरबार की ओर रुख किया, जिससे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अचानक भीड़ बढ़ गई।
दो से तीन घंटे में हुए दर्शन
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के चलते आम भक्तों को माता की पिंडी के दर्शन करने के लिए दो से तीन घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर न्यास की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि किसी भी व्यक्ति को चोर रास्तों के जरिए लाइन में प्रवेश न करने दिया जाए। इसके बावजूद लंबी कतारों के कारण श्रद्धालुओं को काफी समय तक इंतजार करना पड़ा।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था राहत बनी
मंदिर प्रशासन की ओर से लागू की गई सुगम दर्शन व्यवस्था बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए राहत का कारण बनी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पास बनवाकर इन श्रद्धालुओं ने अपेक्षाकृत कम समय में माता के दर्शन किए। मंदिर प्रशासन के अनुसार रविवार को 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने उठाई स्थायी कतार व्यवस्था की मांग
पंजाब से पहुंचे श्रद्धालु रमनप्रीत ने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं में पहले की अपेक्षा सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी कई स्तरों पर काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि श्रद्धालुओं की कतार के लिए सड़क से अलग पक्के प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाना चाहिए। इससे भक्तों को सुविधा मिलेगी और मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित होने की समस्या भी कम होगी।
प्रसाद योजना से बदलेगी मंदिर की तस्वीर: मंदिर अधिकारी
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण और सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मंदिर प्रशासन का दावा है कि विकास कार्य पूरे होने के बाद बढ़ती श्रद्धालु संख्या को संभालने और उन्हें बेहतर दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने में काफी मदद मिलेगी।
