बिलासपुर/सुभाष ठाकुर–हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एसीसी फैक्ट्री के अचानक अनिश्चित काल तक बंद होने के आदेश जारी होते ही क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति होने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसी स्थिति में जिला पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
पुलिस प्रशासन ने बरमाणा एसीसी सीमेंट फैक्ट्री के साथ साथ आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है। इसके लिए करीब 100 पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। इस बारे में एएसपी बिलासपुर राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पुलिस टीम तैनात कर दी है, ताकि लॉ एंड ऑर्डर प्रभावित न हो। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वह कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करें।
