बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर के भराड़ी कस्बे में पुलिस ने एक गाड़ी से 10 बोतल शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले को लेकर गाड़ी में चालक सीट पर बैठे जिला परिषद सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं कांग्रेस के सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में नारेबाजी करते हुए भाजपा पर शराब बांटने का आरोप लगाया है।
जिला परिषद सदस्य बीजेपी समर्थित पदाधिकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भराड़ी कस्बे में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने तुरन्त कारवाही करते हुए उक्त गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने के बाद उसमें से 10 बोतल शराब की बरामद की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि उक्त जिला परिषद सदस्य भाजपा का समर्थित पदाधिकारी है तथा उक्त व्यक्ति लोगों को शराब बांटने का कार्य कर रहा है। पूछताछ करने पर उक्त जिला परिषद सदस्य व पुलिस को शराब की बोतलों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया। जिसके बाद पुलिस उक्त व्यक्ति को थाना भराड़ी में पूछताछ के लिए साथ लेकर आई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की जमकर नारेबाजी
कांग्रेसी कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा का यह पदाधिकारी इन शराब की बोतलों को लोगों में बांटने के लिए ले जा रहा था। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी और वह काफी समय से इस शराब को बांटने के मामले में सतर्क थे तथा इसकी निगरानी रखे हुए थे। उक्त कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कहना था कि शराब की एक बहुत बड़ी खेप पहले ही उक्त क्षेत्र में पहुंचा दी गई है। अब उसको धीरे-धीरे लोगों में बांटने का कार्य चल रहा था। काफी देर तक हंगामा यूं ही चलता रहा। खबर लिखे जाने तक पुलिस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को शांत करवाने में लगी रही। कांग्रेस कार्यकर्ता शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने व शराब बांटने वालों पर सख्ती करने के नारे लगाते नजर आए।
