राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए युवा मतदाताओं को मतदान को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद धर्मशाला महाविद्यालय इकाई ने युवा मतदाता जागरण अभियान के तहत धर्मशाला महाविद्यालय परिसर में संगोष्ठी का आयोजन किया।
इस संगोष्ठी के मुख्य वक्ता एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री रितिक पालसरा रहे। इन्होंने युवाओं को जागरूक करते हुए यह संदेश दिया कि हमारे एक वोट की कितनी कीमत है। इस एक वोट के माध्यम से हम प्रदेश की सरकारों को बनाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा चुनाव 5 वर्षों बाद होते हैं। चुनावों को एक पर्व के रूप में पूरे प्रदेश व देश भर में मनाया जाता है। यह हमारे लिए एक यज्ञ की तरह है जिसमें हमने अपने वोट की आहुति डाल प्रदेश में एक ऐसी सरकार को बनाना है जो सरकार प्रदेश को एक नई ऊंचाइयों की तरफ ले जाने की बात करें।
उन्होंने कहा कि हमें उस सरकार को बनाना है जो शिक्षा के मुद्दों पर काम करें, स्वावलंबन की योजना पर काम करें, युवा जिस तरह से बेरोजगारी से जूझ रहे हैं उनके रोजगार देने का काम करे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद पिछले कुछ दिनों से रथ यात्रा के माध्यम से गांव-गांव व प्रदेश के हर एक महाविद्यालय व विश्वविद्यालय कैंपस में जाकर प्रदेश की जनता को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक कर रही है। विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश ने यह लक्ष्य भी लिया है कि इस बार हिमाचल प्रदेश के अंदर शत-प्रतिशत मतदान करवाना है। इस संगोष्ठी में धर्मशाला महाविद्यालय इकाई के अध्यक्ष, इकाई मंत्री अन्य कार्यकर्ता वह महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी इसमें उपस्थित रहे ।
