अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए हुए मतदान के बाद अब 8 दिसंबर को वोटों की गिनती की प्रक्रिया पूरी की जानी है। मतगणना वाले दिन के लिए प्रशासन की ओर से जहां सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं तो वहीं कुछ नियम भी तय किए गए हैं। किन्नौर में भी प्रशासनिक अधिकारी मतगणना के लिए तैयारियों में जुटे हुए है। नियमों के अनुसार 8 दिसंबर को राजनीतक दलों के लिए व मत गणना केंद्रों पर किस प्रकार की व्यवस्था रहेगी उसकी भी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला रिटर्निंग अधिकारी डॉ. मेजर शशांक गुप्ता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि किन्नौर जिला में हिमाचल चुनावों के मद्देनजर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि जिला के बचत भवन में 8 दिसंबर को विधानसभा चुनावों की मतगणना होगी। इस दौरान राजनीतिक दलों के भीड़ को मत गणना स्थल से सौ मीटर दूर रहना होगा और मत गणना केंद्र के अंदर केवल राजनितिक दलों के चुने हुए पोलिंग एजेंट ही प्रवेश कर सकते है। इसके अलावा मत गणना केंद्र के समीप मीडिया सेंटर होगा और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मतगणना केंद्र के चरों तरफ तैनात रहेगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के मत गणना के दिन शांति बनी रहे इसके लिए भी प्रशासन व राजनितिक दलों के प्रतिनिधि पहले ही इस विषय पर बैठक कर चुके है। 8 दिसंबर को शांतिपूर्ण ढंग से विधानसभा चुनावों की मत गणना व परिणामों के बाद शांति बनी रहे इसके लिए प्रशासन ने पुलिस, आईटीबीपी के जवानों को ड्यूटी पर तैनात किया है।
