संजु चौधरी, शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बने 10 महीने का समय हो गया हैं। मगर कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटीयों को लेकर सियासत प्रदेश में लगातार जारी हैं। एक तरफ विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है और गारंटीयों को पूरा न करने का आरोप लगा रहा हैं। बीते दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा था कि सरकार ने महिलाओं को 1500 देने का वादा किया मगर अभी तक गारंटी पूरी नहीं की और यह आंकड़ा बढ़कर 4,000 करोड़ तक पहुंच गया हैं। ऐसे में अब सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने सरकार का पक्ष रखते हुए उल्टा भाजपा पर ही निशाना साधा हैं और केंद्र की भाजपा सरकार पर पल+टवार किया हैं।
महिलाओं को 1500 देने की गारंटी पुरी न करने को लेकर भाजपा ने सरकार पर सवाल उठाए हैं, तो प्रदेश सरकार में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने विपक्ष को जवाब देते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला हैं। जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से अपनी गारंटीयों को पूरा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से वादा किया है और वह उसे पूरा भी करेगी ना कि केंद्र की भाजपा सरकार की तरह जुमलेबाजी करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल 2 करोड लोगों को रोजगार देने का वादा किया, 15 लाख लोगों के खाते में देने का वादा किया, 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही, मगर कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया हैं। वहीं जगत सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार की 10 गारंटीयों को लेकर कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी गारंटी ओपीएस देने की थी जिसे सरकार ने बहाल भी कर दिया हैं और लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू भी हो गया हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने रोजगार देने की गारंटी दी और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न विभागों में विभिन्न पदों पर भर्तियों को मंजूरी भी दी गई हैं। इसके अलावा महिलाओं को 15 सौ देने की गारंटी को लेकर जगत सिंह नेगी ने कहा कि महिलाओं को 1500 देने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है और मुख्यमंत्री ने हिमाचल दिवस के दिन काजा में जनजातीय क्षेत्र से इस योजना को शुरू करने की घोषणा भी की हैं।
