Shimla,Sanju(TSN)-हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री चौहान ने कहा कि नड्डा हिमाचल आकर “तर्कहीन” और “गैर-जिम्मेदाराना” बयान दे रहे हैं,जिससे स्पष्ट होता है कि भाजपा राज्य में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।
उद्योग मंत्री ने जे.पी.नड्डा के बयानों को बताया तर्कहीन
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पहले कांग्रेस सरकार को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए’ऑपरेशन लोटस’ की साजिश रची गई,जिसे कांग्रेस ने विफल कर दिया।अब केंद्र सरकार राज्य की आर्थिक नाकेबंदी कर,विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश कर रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार किसी भी तरह के दबाव से डरती नहीं है और मजबूती के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।
मेडिकल डिवाइस पार्क पर स्पष्टीकरण
मेडिकल डिवाइस पार्क से संबंधित सवाल पर चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार इस परियोजना को अपने संसाधनों के बल पर एक वर्ष में पूरा करेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने विशेष लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्य की संपदा का दोहन किया।अब कांग्रेस सरकार पारदर्शिता और राज्यहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।
खनिज रॉयल्टी में हो रहा नुकसान
खनिजों के परिवहन में फर्जी ट्रांजिट पास के उपयोग को लेकर भी मंत्री ने चिंता जताई।उन्होंने कहा कि इससे राज्य सरकार को भारी रॉयल्टी हानि हो रही है।इस समस्या के समाधान हेतु राज्य सरकार ने नियम 81ए लागू किया था, जिसमें बिना ट्रांजिट पास के खनन पर ₹80 प्रति टन रॉयल्टी और ₹20 जुर्माना निर्धारित किया गया था।हालाँकि,हाईकोर्ट ने इस नियम के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी है,और 25 अप्रैल को इस मामले पर सुनवाई होगी।मुख्यमंत्री ने विभाग को वैकल्पिक उपाय तलाशने के निर्देश दिए हैं ताकि विकास कार्य बाधित न हों और तय समय में पूरे किए जा सकें।
