हमीरपुर ,अरविंद -:हमीरपुर में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हमीरपुर के खंड विकास कार्यालय में कर्मचारियों के लिए पहली रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस रिहर्सल कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न विभागों के 45 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल कीं।
रिहर्सल का संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह की अगुवाई में किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को नामांकन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही यह भी समझाया गया कि नामांकन के दौरान किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के लिए नामांकन संबंधित पंचायत घर में नामित अधिकारी के समक्ष भरे जाएंगे। वहीं, ब्लॉक समिति के उम्मीदवार अपने नामांकन संबंधित क्षेत्र के एआरओ और तहसीलदार के समक्ष जमा करेंगे। जिला परिषद के उम्मीदवारों के नामांकन एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष स्वीकार किए जाएंगे।
संजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव आयोग द्वारा पंचायत समिति के नामांकन भरने की तिथियां 7, 8 और 11 मई निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित रहे, जिसके लिए कर्मचारियों को पहले से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि आगे भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त रिहर्सल आयोजित की जाएंगी, ताकि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकें।
TAGGED:
Hamirpur Panchayat elections
Chandrika
