Shimla, 24 November-:आगामी शीतकालीन मौसम में संभावित भारी बर्फबारी और उससे उत्पन्न परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आज मिनी सचिवालय रामपुर बुशहर के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर बुशहर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शीतकालीन मौसम में मार्गों के अवरुद्ध होने, पेयजल व विद्युत आपूर्ति बाधित होने, स्वास्थ्य व परिवहन सेवाओं के प्रभावित होने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का विस्तृत विभागवार मूल्यांकन किया गया। उपमंडलाधिकारी ने बताया कि उपमंडल के 15/20 और 12/20 क्षेत्रों में अत्यधिक बर्फबारी के चलते हर वर्ष बिजली, पानी, गैस, आवश्यक वस्तुओं और चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित होती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं का समय पर पूर्वभंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश विभागों को दिए गए हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दूरदराज के इलाकों में दिसंबर और जनवरी माह का राशन अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भारी बर्फबारी की स्थिति में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। उपमंडलाधिकारी ने विभागों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों को खुला रखने के लिए मशीनरी और श्रमिकों की अग्रिम तैनाती की जाए। साथ ही बिजली व पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सामग्री और तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता पूर्व सुनिश्चित की जाए।स्वास्थ्य, परिवहन, गृह रक्षक, एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं राहत सेवाओं को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रह रहे पशुपालकों को समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने हेतु जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
उपमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा सभी तहसील व नायब तहसीलदार कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिससे आमजन आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।बैठक में नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
