अरविंदर सिंह, हमीरपुर: जिला हमीरपुर के सुजानपुर चौगान से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की विजय संकल्प रैली के माध्यम से चुनावी हुंकार भरी हैं। इस रैली में देश के प्रधानमंत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। दोपहर के समय पीएम नरेंद्र मोदी सुजानपुर चौगान पहुंचे। उनके यहां पहुंचने पर केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, के अलावा सुजानपुर प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह, हमीरपुर प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर, बडसर की माया शर्मा, भोरंज के डॉ. अनिल धीमान भी मौजूद रहे। पीएम मोदी का मंच पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया और हिमाचली शाल टोपी और बाबा बालक नाथ की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
सुजानपुर चौगान में उपस्थित लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने खास अंदाज में पहाड़ी बोली में ही अभिनंदन ओर अभिवादन किया। उन्होंने पहाड़ी में कहा कि आज सारे लोगों से मिलने का मौका मिला है और यह सौभाग्य की बात है कि आज सुजानपुर में लोगों से मुलाकात हुई है। इस दौरान उन्होंने अणु में पंडिता दी हट्टी की बेसन की बर्फी को भी याद किया और कहा कि इसकी मिठास कौन भूल सकता है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के लोगों के साथ काम करने का मौका उन्हें मिला है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की जनता के साथ छल और विश्वासघात किया है जिसके भुगतभोगी हिमाचल के ही लोग है। उन्होंने कहा कि इसके चलते हिमाचल वासियों को हर बुनियादी सुविधाओं को तरसाया है। वहीं भाजपा ने हिमाचल के हर घर को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए दिन रात प्रयास किया है। इस वजह से आज पूरे देश के लोग भाजपा पर इतना विश्वास करते है।
पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस को भली भांति समझ चुकी है और पांच साल एक और पांच साल दूसरी की बारी के रिवाज को इस बार जनता बदलेगी। उन्होंने कहा कि पांच साल का फार्मूला में कांग्रेस के लोग सता में आने पर कोई परवाह नहीं करते है क्योंकि कोई काम नहीं करेंगे तो भी पांच साल सता में आने ही है। मोदी ने सवाल किया कि कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए इस बार चुनावों में दिल्ली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हाल तक पूछने नहीं आए है तो सरकार बनाने के बाद क्या करेंगे?
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस स्वभाव से ही विकास की दुश्मन है जो मजबूरी में जीने के लिए लोगों को छोड देती है। अगर हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाना है तो भाजपा को चुनना होगा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा प्रधानमंत्री है जो हिमाचल की रग रग से वाकिफ है तो वह दिल्ली में बैठकर हिमाचल के लिए विचार करेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हिमाचल में बीजेपी के अनुकूल लोग होंगे तो बहुत बढ़िया काम हिमाचल में भी होगा।
वहीं संकल्प रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के लिए एम्स ट्रामा सेंटर के साथ 1500 करोड रूपए का एम्स दिया है। उन्होंने कहा कि वह मोदी को विश्वास दिलवाते है कि हिमाचल को अपना दूसरा घर माना है और हिमाचल के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है, इसलिए सभी लोग डंबल इंजन की सरकार को दोबारा प्रदेश में बनाएंगे।
