संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मतदान के लिए जिला के अन्य क्षेत्रों से नियुक्त पोलिंग पार्टियों के पीठासीन सहायता पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए विधानसभा निर्वाचन-2022 के लिए बुधवार को स्थानीय राजकीय आर्य डिग्री महाविद्यालय के प्रांगण में फाइनल चुनावी रिहर्सल आयोजित की गई। इस पूर्वाभ्यास में 141 पोलिंग पार्टियों के 600 पीठासीन व मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। बता दें कि इन पोलिंग पार्टियों में 2 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की पूर्ण जिम्मेवारी महिला स्टाफ के पास रहेगी।
इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी(एसडीएम)अनिल भारद्वाज, सहायक निर्वाचन अधिकारी(तहसीलदार) संदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। निर्वाचन अधिकारी अनिल भारद्वाज ने कहा कि निष्पक्ष ओर स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त सभी अधिकारी ओर कर्मचारी भारत चुनाव आयोग के दिशानिर्देशानुसार कार्य करने के लिए बाध्य हैं।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से निर्भीक व निष्पक्ष रूप से अपनी सेवाएं देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह अति महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मतदान के संचालन के दौरान अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी निष्ठा व सतर्कता से करें। उन्होंने पोलिंग पार्टियों से मतदान केंद्र के अंदर भी आदर्श चुनाव संहिता की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित बनाए रखने के निर्देश दिए।
