राकेश, ऊना:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ऊना पहुंचे और यहां पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन ऊना से दिल्ली तक चलेगी। वहीं इस दौरान उन्होंने देश के दूसरे ड्रग पार्क का शिलान्यास भी किया। पीएम मोदी ने इस दौरान ऊना के ट्रिपल आईटी के एक नए परिसर का भी उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पंजाबी भाषा का प्रयोग कर ऊना स्थित शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के अनुयायियों और ऊना में निवास करने वाले श्री गुरु नानक देव जी के वंशजों की धरती को प्रणाम किया।
उन्होंने इस दौरान अपने हिमाचल प्रभारी रहते हुए पुराने दौर के समय को याद किया। पीएम मोदी ने इस पुराने समय के दौरान मां चिंतपूर्णी के दरबार में नतमस्तक होने और मां का आशीर्वाद मिलने का अवसर प्राप्त करने की बात कही । इसके साथ ही उन्होंने ऊना के मशहूर गन्नों और अरबी से बनी एक विशेष प्रकार की चाट सब्जी को याद किया ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान पूरे देश में मिले केवल तीन ड्रग पार्क में से एक ड्रग पार्क हिमाचल के ऊना जिले को देने और देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन को भी हिमाचल के ऊना से शुरू करने को अपना हिमाचल के प्रति स्नेह बताया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हिमाचल को अपना दूसरा घर मानने की बात कही। उन्होंने ड्रग पार्क के माध्यम से रोजगार और वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से आधुनिकता को जोड़ने और पिरोने की बात कहते हुए विकास के पथ पर डबल इंजन सरकार के आगे बढ़ने का दावा किया।
