सचिन शर्मा,मनाली(TSN): जुलाई माह में आई आपदा के कारण कुल्लू मनाली में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कुल्लू जिला के भुतंर सहित मनाली में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उपस्थित रहे। अपने दौरे के दौरान प्रियंका गांधी ने ग्रामीण महिलाओं से भी मुलाकात की और उनसे वार्तालाप भी किया। प्रियंका गांधी ने भुंतर रुक कर यहां भुंतर पुल से भुंतर में हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उसके बाद बाय रोड होते हुए वह मनाली पहुंची।
मनाली के रास्ते में पतलीकूहल में आपदा में हुए भारी नुकसान का उन्होंने जायजा लिया। इस मौके पर मीडिया से रूबरू होते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मनाली से कुल्लू के मध्य नेशनल हाईवे का काम धीमी गति से चल रहा हैं। वह इस कार्य को लेकर यहां के हालात को देखने के बाद वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यहां कुल्लू- मनाली की स्थिति से अवगत करवाएगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि रास्ते में महिलाएं श्रमदान करती हुई नजर आई और श्रमदान करने वाले लोगों ने भी उन्हें समस्या से अवगत करवाया कि कर्मचारियों की कमी हैं। इसी के चलते उन्हें भी सड़कों पर श्रमदान करने के लिए उतरना पड़ा हैं।
उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में हिमाचल के लोगों से भी एकता की भावना लोगों को सीखनी चाहिए कि किस तरह से लोग यहां पर एकजुट होकर श्रमदान करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए भी धनराशि दे रहे हैं।
