संजु चौधरी,शिमला (TSN) : 6 दिसंबर को देश भर में बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में डॉक्टर आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉक्टर आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके अलावा शिमला से विधायक हरीश जनार्था, पूर्व CPIM विधायक राकेश सिंघा समेत कई अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे ।
इस मौके पर हिमाचल सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज हम बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहे है। उन्होंने कहा कि इस देश के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही देश संचालन के लिए संविधान का निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के सभी लोगों को एक साथ और समानता के साथ आगे बढ़ने का मौका दिया हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उन्हें बतौर कानून मंत्री अपने कैबिनेट में स्थान दिया था। उन्होंने कहा कि संविधान समाज के सभी दलित, शोषित, पिछड़े और महिलाओं समेत सभी वर्गों के साथ हमे एकता और समानता के साथ आगे बढ़ाने की सीख देता है और प्रदेश की वर्तमान सरकार इन्हीं मूल्यों के ऊपर काम करते हुए आगे बढ़ने का काम कर रही है।
