मंडी (परी शर्मा): पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने की गारंटी ही नहीं हैं और हिमाचल आकर गारंटियां दे रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री और सुंदरनगर से विधायक राकेश जंबाल ने आम आदमी पार्टी द्वारा हिमाचल की जनता को गारंटियों के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब सरकार का खजाना खाली हो चुका है, उसके मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल आकर गारंटियां बांट रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को इस बार वेतन नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों समेत परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग के सभी कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आमतौर पर पांच तारीख तक वेतन मिल जाता है, लेकिन इस बार अभी तक नहीं आया। इससे बच्चों की स्कूल फीस, घर का राशन, किस्त आदि काफी प्रभावित हो रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल में आकर राजनीतिक नाटक का मंचन कर रहे हैं, मगर उन्हें वहां के कर्मचारियों की चिंता नहीं हैं। राकेश जंबाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया टूरिस्ट नेता बन चुके हैं। अपने राज्य में परेशान हो चुकी जनता के सवालों से बचने के लिए वे बार-बार हिमाचल भाग आते हैं और यहां गारंटी के नाम पर गुमराह करने की कोशिश में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि इसका जवाब हिमाचल की जनता आने वाले चुनावों में देगी।
