बीबीएन/जगत सिंह: आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक एवं पंजाब के डिप्टी स्पीकर जयकिशन रोहड़ी शुक्रवार को नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी धर्मपाल चौहान के लिए कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और लोगों से वोट की अपील भी की। मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब के डिप्टी स्पीकर जय किशन रोहड़ी ने कहा कि लोगों का रुझान देख कर लग रहा है कि धर्मपाल चौहान यहां से भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे, क्योंकि छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाएं भी जनसभा का रूप धारण कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी हिमाचल प्रदेश में भी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और सरकार बनने के बाद दिल्ली व पंजाब की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस किया जाएगा , अच्छे अस्पताल खोले जाएंगे और अच्छे शिक्षा संस्थान खोले जाएंगे और आम लोगों की जन समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी धर्मपाल चौहान ने कहा कि लोगों का रिस्पांस बहुत अच्छा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि नालागढ़ की जनता दोनों ही पार्टियों से परेशान होकर अब तीसरा विकल्प चाहती थी जो कि आम आदमी पार्टी के रूप में उन्हें मिल चुका है। उन्होंने कहा कि इन विधानसभा चुनावों में जहरीला नशा बड़ी मात्रा में युवाओं को दिया जा रहा है, जिसके चलते युवा वर्ग नशे की चपेट में आएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि अपने बच्चों को नशे की चपेट में आने से बचा ले क्योंकि चुनाव तो हर 5 साल बाद आ ही जाते हैं।
