संजू चौधरी,शिमला: हिमाचल में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मतदान के बाद अब ईवीएम मशीनों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम में रखा गया है। वहीं इन स्ट्रांग रूम के बाहर ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ की आशंका को लेकर कांग्रेस की ओर से पहरा दिया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू लगाकर नजर रखे हुए हैं जिसका विरोध भाजपा की ओर से किया जा रहा है। भाजपा ने इसे लेकर शिकायत भी चुनाव आयोग को पत्र लिख कर दी हैं।
अब इस मामले पर हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग का कहना है कि स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस पार्टी या किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं का कैंप करना नियमों के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के एजेंट स्ट्रांग रूम के बाहर कैंप कर सकते है। उन्हें सुविधा प्रदान करना चुनाव आयोग की ड्यूटी के तहत आता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों का स्ट्रांग रूम के बाहर कैंप करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बीजेपी की ओर से प्राप्त शिकायत को लेकर कहा कि उन्होंने शिकायत को जिला अधिकारियों को फॉरवर्ड कर दिया है। प्रदेश में कोई भी काम नियमों की परिधि के बाहर नहीं किया जाएगा।
