शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि बारिश से अब तक 178 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके अलावा 141 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) और 188 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं, जिनकी बहाली के लिए संबंधित विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह घाटी में आई बाढ़ से 18 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ठहराया गया है।
जिला प्रशासन राहत एवं पुनर्वास कार्य में जुटा है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.इस दौरान जगत सिंह नेगी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। कानून-व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मामलों पर भी उन्होंने केंद्र की कार्यशैली की आलोचना की। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासनकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं। मंत्री ने कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना और आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करना है।
