मंडी, धर्मवीर-:कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हिमालयन ब्लड डोनर्स संस्था 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को सेरी मंच, मंडी में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन करेगी। इस विशेष अवसर पर संस्था पहली बार स्टेम सेल जागरूकता अभियान के साथ इच्छुक लोगों के निःशुल्क स्टेम सेल डोनर रजिस्ट्रेशन एवं सैंपल संग्रह अभियान की भी शुरुआत करेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ रक्तदान और स्टेम सेल दान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
संस्था के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि रक्त कैंसर, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों से जूझ रहे अनेक मरीजों के लिए स्टेम सेल ट्रांसप्लांट जीवन रक्षक उपचार साबित होता है। ऐसे मरीजों के लिए उपयुक्त डोनर मिलना अक्सर सबसे बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग स्टेम सेल डोनर के रूप में अपना पंजीकरण करवाते हैं, तो भविष्य में किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर उपयुक्त डोनर मिलने और उसका जीवन बचाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।उन्होंने बताया कि स्टेम सेल डोनर बनने की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, सरल और दर्दरहित है। पंजीकरण के दौरान केवल मुँह के अंदर गाल से कॉटन स्वैब की सहायता से सैंपल लिया जाता है। इस प्रक्रिया में रक्त निकालने की आवश्यकता नहीं होती, इसलिए यह हर इच्छुक व्यक्ति के लिए बेहद आसान है।सुरेश ठाकुर ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने हाल ही में रक्तदान किया है, वे भी बिना किसी संकोच के स्टेम सेल डोनर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। रक्तदान और स्टेम सेल रजिस्ट्रेशन दोनों अलग-अलग प्रक्रियाएँ हैं और एक का दूसरे पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर स्टेम सेल दान भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित तरीके से किया जाता है तथा दान के बाद शरीर स्वाभाविक रूप से नई कोशिकाओं का निर्माण कर लेता है।
