राहुल चावला, धर्मशाला: जिला कांगड़ा में हो रही भारी बारिश के चलते जिला मुख्यालय धर्मशाला में पांच घर पूरी तरह से ढह गए, जबकि दो दर्जन के करीब घरों को आंशिक नुकसान ओर क़ई गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस बारिश की वजह से चैतडू के बनवाला में बलबीर सिंह का घर गिर गया, चोहला में जगदीश चंद का घर लैंड स्लाइड की चपेट में आ गया, जबकि अन्य घरों को भी काफी नुकसान हुआ है जबकि धर्मशाला के चीलगाड़ी सहित कई स्थानों पर पेड़ गिरने से घरों सहित वाहनों को भी नुकसान हुआ हैं।
वहीं पर्यटन नगरी धर्मशाला में सात सड़क मार्ग शनिवाद देर रात ही बंद हो गए, जिन्हें काफी मशक्त के बाद सुबह व दोपहर तक खोला जा सका। इसमें धर्मशाला-नड्डी-सतोवरी मार्ग, कनेड़-मसरेहड़ मार्ग सहित अन्य आधा दर्जन मार्गों में ल्हासे व पेड़ गिरने से मार्ग अवरूद्ध हुए हैं। इसके अलावा पालमपुर के ओम प्रकाश निवासी जिया बनेर खड्ड के उफान में आठ खच्चरों संग फंस गए, जिसमें तीन खच्चरें पानी के तेज़ बहाब में बह गई। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम बनेर खड्ड में पहुंची। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने भारी बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक व्यक्ति व अन्य खच्चरों को रेस्क्यू किया गया, जबकि एक खच्चर के पानी के बहाब में बह जाने के बाद थोड़ी नीचे पहुंचने पर रेस्क्यू कर लिया गया।
उधर, तहसीलदार धर्मशाला गिरीराज ठाकुर ने बताया कि धर्मशाला के तहत घरों, गौशालाओं व पेड़ गिरने से भी नुकसान हुआ हैं। उन्होंने बताया कि बनेर में फंसी खच्चरों व व्यक्ति को रेस्कयू किया गया है, हालांकि तीन खच्चरे बहाब में बह गई हैं।
