Mandi, 26 August-कुल्लू-मनाली में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। दवाड़ा के पास ब्यास नदी पर बना झूलानुमा फुट ब्रिज तेज बहाव में टूटकर नदी में समा गया। यह पुल लारजी पावर हाउस के दूसरी ओर बने भवन तक जाने का जरिया था। अचानक जलस्तर बढ़ने से ब्यास का पानी पुल तक पहुंचा और देखते ही देखते पुल धराशायी हो गया।
बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण दवाड़ा के पास चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे का हिस्सा भी नदी में समा गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। हाईवे पर पानी भर जाने से कई जगह आवाजाही ठप हो गई है। इस बीच, ब्यास के बढ़ते बहाव से लारजी पावर हाउस को भी खतरा पैदा हो गया है।उधर, बीबीएमबी प्रबंधन ने पंडोह डैम के पांचों गेट खोलकर करीब 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा है। पानी में सिल्ट अधिक होने के कारण बग्गी टनल की सप्लाई रोक दी गई है और विद्युत उत्पादन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साथ ही, डैम से सीधे नदी में पानी छोड़े जाने के साथ फ्लशिंग कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने लोगों को सतर्क करते हुए ब्यास नदी और अन्य नालों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पंडोह डैम की फ्लशिंग प्रक्रिया 27 अगस्त सुबह तक जारी रहेगी।
