Bilaspur, Subhash-लगातार भारी बारिश के कारण जिला बिलासपुर की कई ग्रामीण सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी कारण उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सोमवार को मल्यावर पंचायत को जोड़ने वाली शहीद सुखराम सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान हिमुडा बोर्ड के निदेशक जितेंद्र चंदेल, बीडीसी सदस्य मधुपाल धीमान और पूर्व प्रधान प्रेम सिंह भी मौजूद रहे। स्थानीय प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि सड़क बंद होने से पंचायत की लगभग 1200 की आबादी प्रभावित है और अन्य क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। भूस्खलन और मलबा गिरने से मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो चुका है।इस मौके पर हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर मल्यावर पंचायत के लिए 56 लाख रुपये आने की अफवाह फैलाई गई थी, जबकि हकीकत में यह राशि पूरे डिवीजन के लिए स्वीकृत की गई है।उपायुक्त राहुल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग की मरम्मत होने तक वैकल्पिक सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों की आवाजाही और आवश्यक सुविधाओं की आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
