नाहन (देवेन्द्र कुमार): विधायक डा. राजीव बिंदल ने नाहन के दूरदराज पंचायत मात्तर के एक दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न पुलों एवं सड़कों के उदघाटन एवं शिलान्यास किए। उन्होंने 3.77 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले संभालका से अगड़ीवाला संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने भगतांवाला खड्ड पर 27.69 लाख से नव निर्मित पुल तथा 21.13 लाख रुपए की लागत से कोदेवाला-भगतांवाला संपर्क सड़क में कोदेवाला नदी पर पुल का उदघाटन किया।

इसके अलावा 16.78 लाख रुपए की लागत से कोदेवाला-भगतांवाला सम्पर्क सड़क में नईवाला खाला पर पुल का शिलान्यास भी किया। बिन्दल ने कहा कि पहले चरण में मातर से भेड़ों सड़क का कार्य 5 करोड़ रुपए की लागत से किया गया। इसी प्रकार बोहलियो से संभालका सड़क पर 4.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए। दूसरे चरण में संभालका से अगड़ीवाला सड़क पर 3.77 करोड़ रुपए तथा मात्तर जीरो से मातर गांव तक 2 करोड़ रुपए से सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसी प्रकार भेड़ों से आदि बद्री सड़क का निर्माण 14 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। हरिपुर खोल में पुल निर्माण के लिए 2.88 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार एक ही कार्यकाल में पूरी पंचायत के सड़कों को जोड़ने का विहंगम प्रयास किया गया है और आने वाले एक साल में पूरी पंचायत पक्की सड़क से जुड़ जाएगी। बिन्दल ने पंचायत में भीमदत्त बस्ती गांव अगड़ीवाला में सामुदायिक भवन का उदघाटन भी किया। राजीव बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस ने केवल वोट की राजनीति की, इलाके के विकास कार्याे की अनदेखी की, जिसकी वजह से इस दूरदराज क्षेत्र के लोग सड़कों और पुलों आदि से महरूम रहे।
