बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर ने परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण कंदरौर से शुरू किया। इस दौरान बंबर ठाकुर कार्यकर्ताओं सहित घुमारवीं पहुंचे। जहां पर उन्होंने गांधी चौक घुमारवीं में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज में महंगाई व भ्रष्टाचार ने आम आदमी की आर्थिक कमर तोड़ कर रख दी है। इसलिए वर्तमान भाजपा सरकार को अब जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
बम्बर ठाकुर ने कहा कि उनकी यह यात्रा ऐतिहासिक है क्योंकि उन्होंने दृढ़ संकल्प लिया है कि वह बिलासपुर के प्रमुख संस्थानों एम्स, फोरलेन निर्माण, रेल लाइन निर्माण सहित सचिवालय में सरकारी नौकरियां तक युवाओं को रोजगार न देने वाली सरकार को अब सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर में कुछ लोग जेपी नड्डा के कहने पर उनके खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी करने में लगे हुए हैं ताकि बिलासपुर में कांग्रेस पार्टी को कमजोर किया जा सके। यही नहीं मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। ताकि सदर विधानसभा क्षेत्र में मुझे और पार्टी को कमजोर किया जा सके। इसीलिए यह परिवर्तन रैली इन षड़यंत्रकारियों को विफल करने तथा बेरोजगारी भ्रष्टाचार तथा महंगाई के खिलाफ शुरू की गई है।
