हमीरपुर/सुजानपुर,10 नवंबर:सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू पर तीखा हमला बोला है.राजेंद्र राणा ने अपने बयान में कहा कि सुक्खू ने महाराष्ट्र में यह कहकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया कि हिमाचल प्रदेश में 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को ₹1500 मासिक भत्ता देने का कांग्रेस का वादा पूरा हो गया है। जबकि वास्तविकता इससे कोसों दूर है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि लाखों महिलाओं ने इस पेंशन के लिए आवेदन किया था,परन्तु सुक्खू सरकार ने उन आवेदनों को ठुकराकर कूड़ेदान में फेंक दिया। उन्होंने कहा कि मात्र दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार की करीब 500 महिलाओं और लाहौल-स्पीति की 850 महिलाओं को इस पेंशन का लाभ देकर सुख की सरकार यह ढोल पीटने में लगी है कि उसने पूरे प्रदेश की महिलाओं को यह लाभ दे दिया है है, जबकि बाकी प्रदेश की महिलाओं को निराशा ही हाथ लगी है।
रोजगार के नाम पर हिमाचल के युवाओं को छलने का आरोप
राणा ने मुख्यमंत्री पर रोजगार के नाम पर हिमाचल के युवाओं को छलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वह जिस ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) का ढोल पीटते रहते हैं,उसके बारे में सच्चाई बताएं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर इस सरकार ने कितने कर्मचारियों को अब तक ओपीएस का वास्तविक लाभ पहुंचाया है,या यह भी मात्र एक छलावा बनकर रह गया है? प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को संशोधित वेतनमान का एरियर तक देने में यह सरकार नाकाम रही है।राजेंद्र राणा ने कहा कि सुक्खू सरकार केवल कागजों पर योजनाएं दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है।
