नाहन/देवेन्द्र कुमार: रेणुका बांध विस्थापितों ने अपनी मांगों के समर्थन में आज क्षेत्र में आक्रोश रैली निकालते हुए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन समेत रेणुका बांध प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रेणुका बांध विस्थापितों का कहना है कि पिछले 15 सालों से लगातार समस्याओं से अवगत करवाए जाने के बावजूद भी कोई समाधान नहीं हो पाया है।
रेणुका बांध विस्थापितों का कहना है कि वह पिछले 15 सालों से प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री समेत सत्ताधारी नेताओं, जिला प्रशासन व बांध प्रबंधन को कई मर्तबा मौखिक और लिखित रूप से अपनी समस्याओं से अवगत करवा चुके हैं। बावजूद इसके भी उन्हें आश्वासनों का लॉलीपॉप थमा कर बैरंग लौटा दिया जाता है।
विस्थापितों का कहना है कि अगर आगामी 7 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जाता और समय रहते समाधान नहीं होता तो बांध विस्थापित उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता तो आगामी विधानसभा चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा।
