नाहन : देवेंद्र कुमार -रेणुका जी बाँध विस्थापितों ने आज सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में डीसी सिरमौर से मुलाकात कर रेणुका बांध संबंधी आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए 2 माह की अवधि बढ़ाने की मांग की है।
रेणुका जी बांध विस्थापितों का प्रतिनिधि मंडल रेणुका बांध जन संघर्ष समिति के महासचिव संजय चौहान की अध्यक्षता में डीसी सिरमौर सुमित खिमटा से मिला। विस्थापितों ने मांग की है कि आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए जो एक माह का समय बांध विस्थापितों को दिया गया था वह 14 जून को पूरा होने जा रहा है मगर अभी तक भी अधिकतर बांध विस्थापित अपनी आपत्तियां दर्ज नहीं करवा पाए है। कई बांध विस्थापित ऐसे भी है,जिनको अभी तक इस बारे में जानकारी ही नहीं है । उन्होंने डीसी से मुलाकात कर इस अवधि को दो माह और बढ़ाने की बात की है, ताकि सभी बांध विस्थापित अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकें।
विस्थापितों ने मांगो को गंभीरता से लेने की कही बात
रेणुका जी बांध विस्थापितों का यह भी कहना है कि जिन बांध विस्थापितों को मुआवजा मिला है उनको अभी तक यह मालूम नहीं है कि उन्हें जमीन का कितना पैसा और जो मकान उस जद में आए है उसका कितना पैसा उन्हें सरकार द्वारा दिया जा रहा है ।उन्होंने कहा कि सरकार व बांध प्रबंधन इस बारे में भी स्थिति स्पष्ट करें ताकि बांध विस्थापित सही तरीके से अपने दावे व आपत्तियां दर्ज करवा सके।
