शिमला। हिमाचल प्रदेश में जल्द ही महिला कांग्रेस संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की महिला प्रभारी सुरभि वर्मा बीते दिन शिमला पहुंची और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में महिला नेताओं के साथ बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की “मिशन रिपीट” रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। सुरभि वर्मा ने महिलाओं से वन-टू-वन बातचीत कर नई कार्यकारिणी का सुझाव तैयार किया और इसे अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा को सौंपा जाएगा।
सुरभि वर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से महिला कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक कार्यों को जनता तक पहुँचाने में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि बीते पांच वर्षों में महिला कांग्रेस ने पार्टी को सत्ता में लाने और कांग्रेस विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। 2022 के विधानसभा चुनाव में महिला कांग्रेस की सक्रियता के परिणामस्वरूप प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी।
जैनब चंदेल ने आगे कहा कि महिला कांग्रेस ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अनाथ बच्चों के लिए चलाए जा रहे प्रदेश सरकार के कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आने वाले समय में संगठन की मजबूती और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नई कार्यकारिणी की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
