Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत पौहज के प्रधान एवं वार्ड सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त हमीरपुर से मिला। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि सुराहा गांव का एक व्यक्ति पंचायत के विकास कार्यों में बार-बार अड़चनें उत्पन्न कर रहा है, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत प्रधान रीना सिपहिया ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति द्वारा सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जा किया गया है, जिसके कारण ग्रामीणों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सरकारी रास्ते एवं संबंधित व्यक्ति के घर के खसरा नंबर की विधिवत निशानदेही करवाई जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें।प्रधान रीना सिपहिया ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के घर के समीप नाली निर्माण का कार्य भूमि विवाद के चलते अधूरा रह गया था। इसी को लेकर वह पंचायत के प्रति दुर्भावना रखता है और पंचायत के कार्यों में जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहा है। इससे न केवल पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों को भी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान ने यह भी कहा कि उनके पति अक्सर घर से बाहर रहते हैं और वह अधिकांश समय अकेली रहती हैं। ऐसे में उन्हें उक्त व्यक्ति से असुरक्षा की भावना महसूस हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।प्रधान ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और पंचायत को भयमुक्त वातावरण में विकास कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाए।प्रतिनिधिमंडल को आशा है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा, ताकि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें और ग्रामीणों को राहत मिल सके.
