मंडी : धर्मवीर (TSN)- मंडी से कुल्लू तक नेशनल हाईवे और निर्माणाधीन फोरलेन को दशहरे से पहले बहाल करने की जो बात कही गई थी, वो बात पूरी होती हुई नजर नहीं आ रही है। पंडोह डैम के पास जहां पर हाईवे बड़ी मात्रा में धंसा है वहां पर इसे बहाल करना एनएचएआई के टेड़ी खीर साबित हो रहा है।
पांच दिन पहले यहां जमीन पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई थी और निर्माणाधीन रोप-वे को भी खतरा उत्पन्न हो गया था। इसके बाद डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने मौके पर जाकर एनएचएआई और रोप-वे बनाने वाली कंपनी को इसे बचाने का रास्ता सुझाने के निर्देश दिए थे। अब एनएचएआई के निर्देशों पर सड़क मुरम्मत के कार्य में कुछ बदलाव किया गया है। वहीं, यहां पर सड़क बहाली के लिए पिछले पांच दिनों से चले हुए काम को भी वीरवार से फिर से शुरू कर दिया गया है। इन्हीं सब वजहों से इस कार्य में देरी हो रही है और एनएचएआई ने जो लक्ष्य तय किया है वो पूरा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है।
दशहरे से पहले हाईवे को बहाल करने की पूरी कोशिश
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि पंडोह डैम के पास पांच दिनों बाद हाईवे की मुरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। यहां जमीन पर पड़ रही दरारों को देखने के लिए रोप-वे कंपनी और एनआईटी की एक टीम आई थी। सभी के आपसी विमर्श के बाद डिजाईन में बदलाव किया गया है। जिस तरह से काम बार-बार बाधित हो रहा है उसको देखकर ऐसा लग रहा है दशहरे से पहले हाईवे को पूरी तरह से बहाल करने में दिक्कतें पेश आ सकती है। लेकिन हम पूरी तरह से दिन-रात इस कार्य में जुटे हुए हैं।
