संजु चौधरी, शिमला:जिला कांगड़ा के प्रसिद्ध शिव मंदिर बैजनाथ में पर्यटकों की ओर से छोटे कपड़े पहन कर आने पर सोशल मीडिया में काफी बवाल हुआ था। मंदिर पर किस तरह के कपड़े पहन कर आना चाहिए इसे लेकर बहस सोशल मीडिया पर छिड़ गई थी। इस बहस का असर भी अब हिमाचल में दिखने लगा हैं। इसी के बाद अब हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दिगंबर जैन के मंदिर में अमर्यादित कपड़े पहनकर दर्शन करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया हैं।
मंदिर प्रशासन की तरफ से एंट्री गेट पर इसको लेकर फटा लगाकर आग्रह किया गया है कि अगर आप मंदिर में अमर्यादित कपड़े पहन कर आते हैं तो आपको मंदिर के भीतर एंट्री नहीं मिलेगी। इससे पहले कांगडा के के मसरूर मंदिर में भी यह निर्देश जारी किए गए थे।
मंदिर में लगाए गए फट्टे में पुरुष और महिला दोनों से आग्रह किया गया है कि वह हाफ पैंट, बरमूडा, मिनी स्कर्ट, कटी फटी जींस, नाइटसूट और फ्रॉक इत्यादि पहनकर मंदिर में न आएं। मंदिर के पुजारी संजय कुमार जैन ने बताया कि आजकल लोग मंदिर में अमर्यादित कपड़े पहनकर आते हैं जो लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाता हैं, इसलिए मंदिर की जैन सभा ने यह निर्णय लिया हैं कि अमर्यादित कपड़े पहन कर मंदिर में आने वालों को दर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
